भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सफलतापूर्वक पहुंचने की खुशी में शनिवार को लालगंज तहसील परिसर उत्सव में बदल गया। देश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर वकीलों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
लालगंज तहसील में वकीलों ने उस पल को गर्व से यादगार बना दिया, जब भारत के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ल ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखा। यह पल न केवल भारत के लिए ऐतिहासिक है, बल्कि हर उस भारतीय के लिए गर्व की बात है, जो विज्ञान और तकनीक में देश की तरक्की देखना चाहता है।
संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ‘महेश’ और ऑल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने एकत्र होकर इस गौरवपूर्ण क्षण का स्वागत किया। भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर इस राष्ट्रीय सफलता को साझा किया।

रूरल बार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि शुभांशु की यह उपलब्धि न केवल अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगी। उन्होंने इसे देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। वहीं, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ‘महेश’ ने मिशन की सफलता की कामना करते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा में नई ऊंचाई बताया।
इस कार्यक्रम का संचालन महामंत्री हरिश्चंद्र पांडेय ने किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, पं. बेनीलाल शुक्ल, प्रवीण यादव, संतोष पांडेय, विपिन शुक्ल, विनय शुक्ल, सिंटू मिश्र, दीपेंद्र तिवारी, आलोक शुक्ल, लालता प्रसाद पांडेय, रामकिंकर शुक्ल, शिवेंद्र तिवारी, राजेश यादव और अमन द्विवेदी समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।