खुशबू का राष्ट्रीय स्तर पर चयन: राजकीय उच्च माध्यमिक साईयो का तला, चौहटन की बेटी करेगी राजस्थान का प्रतिनिधित्व
बाड़मेर, साईयों का तला — जिले की प्रतिभाशाली बेटी खुशबू ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। आपणी पाठशाला बालिका विद्यालय, साईयों का तला की छात्रा खुशबू पुत्री श्री राजेंद्र गोदारा का चयन अंडर-14 छात्रा वर्ग की राजस्थान फुटबॉल टीम में हुआ है।
खुशबू अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी, जो कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित होने जा रही है। यह न सिर्फ विद्यालय, बल्कि पूरे बाड़मेर जिले के लिए गौरव का क्षण है।
खुशबू की इस उपलब्धि के पीछे उसकी निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण है। विद्यालय प्रशासन और प्रशिक्षकों का भी इस सफलता में अहम योगदान रहा है, जिन्होंने समय-समय पर उसका मार्गदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं समस्त स्टाफ ने खुशबू को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर खुशबू के पिता श्री राजेंद्र गोदारा ने अपनी बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “खुशबू बचपन से ही खेलों में रुचि रखती है। हमने हमेशा उसे प्रोत्साहित किया और आज उसका सपना साकार हो रहा है।”
खुशबू की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी खेलकूद में आगे आने की प्रेरणा देगी। साथ ही यह संदेश भी देगी कि समर्पण और मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।