News Indiaa

राजस्थान में गलन भरी सर्दी,8 जिलों में शीतलहर का अलर्ट: पारा औसत से नीचे आया, बर्फ जमी; जानिए कब मिलेगी राहत

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। आज भी 8 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट है। सीकर, चूरू के एरिया में पिछले दो-तीन दिन से लगातार बर्फ जम रही है। फतेहपुर में तीन दिन से न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हो रहा है। यहां खुले एरिया में रखे बर्तनों में रखा पानी जम गया।

पश्चिमी जिले जैसलमेर, बीकानेर में भी रात के साथ-साथ दिन में सर्दी तेज हो गई। यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राज्य में अगले दो दिन और कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। 15 दिसंबर के बाद कुछ दिनों के लिए शीतलहर से राहत मिलेगी और तापमान बढ़ेंगे।

पिछले 24 घंटे में सबसे कम तापमान फतेहपुर में दर्ज हुआ। रेगिस्तानी एरिया जैसलमेर, बीकानेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। बीकानेर में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री जबकि जैसलमेर में 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू में तापमान 22.6 और जोधपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 15 दिसंबर से हवा की दिशा में थोड़ा बदलाव होगा। अभी उत्तरी हवा चल रही है, जो 15 दिसंबर और उसके बाद से उत्तर-पश्चिम होने की संभावना है। इस कारण राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में सर्द हवा(कोल्ड-वेव) का प्रभाव कम होगा और दिन के साथ-साथ रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

Exit mobile version