
इमादपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव में तरारी विधानसभा उप चुनाव के दौरान कथित रूप से वोट देने के सवाल को लेकर एनडीए और महागठबंधन समर्थकों में झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट पत्थर चले। जिसमें दोनों पक्षों के करीब चार लोगों को चोट आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एक पार्टी को वोट देने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, धर्मपुरा गांव के बूथ संख्या 223 पर एक पार्टी को वोट देने को लेकर पहले वाद-विवाद हुआ था। बाद में बूथ के बाहर विवाद ने तूल पकड़ लिया। दोनों पार्टी के समर्थकों में भिड़ंत हो गई। मारपीट में एक पक्ष के एनडीए समर्थक धर्मपुरा गांव निवासी सुखदेव सिंह के 48 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार,महावीर सिंह के 15 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार एवं स्व राजेंद्र सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रंजीत सिंह को चोटें आई हैं।
जबकि,दूसरे पक्ष के महागठबंधन समर्थक ललन यादव को चोटें आई हैं। इसके अलावा स्व.राजेंद्र सिंह के पुत्र पंकज कुमार का मारपीट के दौरान मोबाइल छीने जाने का आरोप है।