वॉशिंगटन: नासा की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स पिछले छह महीनों से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर फंसी हुई हैं। उन्हें जून में ही अपने 10 दिनों की अंतरिक्ष यात्रा के बाद वापस लौटना था, लेकिन उनके अंतरिक्ष यान में आई खराबी के कारण लैंडिंग को टालना पड़ा। इस बीच कुछ दिनों पहले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से सुनीता विलियम्स की एक तस्वीर आई थी, जिसमें वह काफी दुबली-पतली दिखाई दे रही थीं। लेकिन, अब नासा ने उनकी एक और नई तस्वीर जारी की है, जिसने उनके स्वास्थ्य के बारे में अटकलों को शांत कर दिया है।
तस्वीर में धरती को निहारती दिखीं सुनीता
सुनीता विलियम्स नई तस्वीर में अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की खिड़की से पृथ्वी को निहारती नजर आ रही हैं। हाल में ही सुनीता विलियम्स ने किबो प्रयोगशाला मॉड्यूल में एस्ट्रोबी रोबोटिक फ्री-फ्लायर की जांच की। इस दौरान उन्होंने गेको जैसे चिपकने वाले पैड से सुसज्जित टेंटेकल जैसी रोबोटिक हैंड इंस्टॉल की। इस इंस्टॉलेशन का उद्देश्य सैटेलाइट कैप्चर तकनीक का प्रदर्शन करना है, जो भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रगति है।