नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में शुक्रवार को 28 साल के युवक की हत्या कर दी गई। उस पर चाकू से हमला किया गया था। आरोप है कि दो भाइयों ने यह हत्या की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का नाम मनीष था, उसे राहुल भी कहते थे। वह अपने परिवार के साथ सुंदर नगरी में रहता था। आरोपियों के नाम सलमान और अरबाज हैं। सलमान चाय बेचता है और अरबाज मजदूरी करता है। दोनों भाइयों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
ज्यादा खून बहने से हुई मौत
डीसीपी (नॉर्थईस्ट) राकेश पवारिया ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली थी कि मुर्गा मार्केट में एक रेस्टोरेंट के पास एक व्यक्ति की गर्दन पर चाकू से हमला किया गया है। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के दोस्त अमन ने बताया, “मनीष को उसकी पत्नी का फोन आया था। वह पार्क से निकल ही रहा था, तभी दोनों आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।” अमन ने बताया कि किसी तरह मनीष वहां से भाग निकला। उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चोट बहुत गंभीर थी। ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई।