
बाड़मेर | परिजनों के मुताबिक विवाहिता की शादी करीब 6 माह पूर्व ही हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति और ससुर परेशान करते थे। विवाहिता को कहते थे कि तू अनपढ़ है और तेरे परिजनों ने दहेज में कुछ नहीं दिया। कई तरह के ताने मारते रहते थे और उसे परेशान कर मारपीट करते थे। शनिवार शाम 7 बजे विवाहिता के ससुर ने सूचना दी थी कि उनकी बहू घर से गायब है, कहीं पीहर तो नहीं आई है। इसके बाद तलाश की गई।रात को पुलिस के साथ विवाहिता के घर पहुंचे और मकान के कमरे और टांके की भी तलाश की थी, लेकिन उस पर विवाहिता का शव टांके में नहीं था। पीहर पक्ष के लोग विवाहिता की तलाश कर रहे थे, लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से सहयोग नहीं करने पर शक हो गया। पीहर पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि हमें शक था कि इन्होंने विवाहिता की हत्या कर दी और रात में ये कहीं भी शव को ले जा सकते हैं।ऐसे में घर के आसपास निगरानी रख रहे थे। रात के करीब 3 बजे सूचना मिली कि घर के अंदर टांके में ही विवाहिता का शव पड़ा है। विवाहिता अगर गायब थी तो रात को वापिस घर कैसे आई, जबकि घर पूरी तरह से बंद रहता है। विवाहिता की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए टांके में डाला गया है। महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज किया है।