राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत कर दिया है। इन अधिकारियों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संयुक्त सचिव और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के निजी सचिव भी शामिल हैं।


राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत कर दिया है। इन अधिकारियों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संयुक्त सचिव और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के निजी सचिव भी शामिल हैं। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी।
अब इन अधिकारियों को केंद्र द्वारा IAS कैडर आवंटित किया जाएगा और राज्य सरकार कार्मिक विभाग की सिविल सूची में इनका नाम अपडेट करेगी।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में इन 16 अधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगी थी। सभी का चयन 2024 बैच की वैकेंसी के तहत किया गया है।
पदोन्नति पाने वाले 16 RAS अधिकारी
1. नवनीत कुमार
2. सुखवीर सैनी
3. हरफूल सिंह यादव
4. राजेश वर्मा
5. सुरेश चंद्र
6. महेंद्र कुमार खींची
7. अजीत सिंह राजावत
8. अवधेश सिंह
9. राकेश शर्मा
10. जगवीर सिंह
11. ब्रजेश कुमार चंदौलिया
12. डॉ. हरसहाय मीणा
13. जुगल किशोर मीणा
14. राकेश राजोरिया
15. ललित कुमार
16. डॉ. शिव प्रसाद सिंह
इस प्रमोशन से राजस्थान को प्रशासनिक सेवा में नए अनुभवी IAS अधिकारियों की टीम मिली है, जिससे शासन और विकास कार्यों को नई गति मिल सकती है।
क्या है IAS में पदोन्नति की प्रक्रिया?
RAS से IAS में पदोन्नति एक नियमित प्रक्रिया है, जिसमें वरिष्ठता, कार्य प्रदर्शन, नैतिकता और सेवा रिकॉर्ड जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है। इसके लिए राज्य सरकार की संस्तुति के बाद एक चयन समिति का गठन होता है, जिसमें UPSC के सदस्य और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में अंतिम चयन किया जाता है।
इस पदोन्नति का सीधा असर राज्य की प्रशासनिक गुणवत्ता पर पड़ेगा। IAS बनने के बाद इन अधिकारियों को जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त, सचिव स्तर की जिम्मेदारियों के लिए योग्य माना जाएगा।
राज्य प्रशासन को मिलेगा अनुभवी नेतृत्व
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन 16 अधिकारियों की पदोन्नति से राजस्थान को अनुभवी नेतृत्व मिलेगा। यह सभी अधिकारी विभिन्न विभागों, जिलों और योजनाओं में सफलतापूर्वक सेवाएं दे चुके हैं और अब यह IAS अधिकारियों के रूप में और अधिक व्यापक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही इन अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा के अनुरूप नई पोस्टिंग दी जाएगी, ताकि वे अपनी नई जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभा सकें।
