
थार महोत्सव 11 मार्च से होगा शुरू:अबकी बार 23 में से 20 प्रोग्राम सिर्फ आदर्श स्टेडियम में होंगे, चौहटन धोरों और किराडू में एक प्रोग्राम नहीं
बाड़मेर
यह तस्वीर साल 2023 थार महोत्सव शोभायात्रा की है।
बाड़मेर में इस बार 11 व 12 मार्च को दो दिवसीय थार महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग संयुक्त तत्वावधान में करवा रहा है। पर्यटन विभाग इसके लिए बजट देगा और कम पड़ा तो भामाशाहों का सहयोग लिया जाएगा। पहले यह कार्यक्रम तीन दिवसीय होता था, जिसमें जिले के ऐतिहासिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। लेकिन इस बार सिर्फ बजट खपाने और सिर्फ वाहवाही लूटने के लिए दो दिवसीय कार्यक्रम रखा गया है और वह भी जिला मुख्यालय पर ही।
दो दिन में 23 कार्यक्रम होंगे। इनमें से 20 कार्यक्रम सिर्फ आदर्श स्टेडियम में और तीन कार्यक्रम गांधी चौक, हाई स्कूल व जैसलमेर रोड पर होंगे। इस कार्यक्रम की रूपरेखा को देखकर लग रहा है कि यह सिर्फ नाम के लिए कार्यक्रम का आयोजन करवाया जा रहा है। सबसे बड़ी बात इस बार महाबार के धोरे, चौहटन के धोरे और किराडू जैसे स्थलों पर एक भी कार्यक्रम नहीं रखा गया है।
बाड़मेर जिला कलक्टर टीना डाबी ने बताया- जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बाड़मेर शहर में 11 और 12 मार्च को दो दिवसीय थार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिले में लोक कला, संस्कृति, पर्यटन एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।
पिछले थार महोत्सव में ऊंटों पर बीएसएफ के जवानों ने दिखाए थे शानदार करतब।
पिछले थार महोत्सव में ऊंटों पर बीएसएफ के जवानों ने दिखाए थे शानदार करतब।
शोभायात्रा के साथ होगी शुरुआत
थार महोत्सव का आगाज शोभा यात्रा के साथ होगी। यात्रा गांधी चौक से आदर्श स्टेडियम तक निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 9.30 बजे आदर्श स्टेडियम में उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें गैर नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से आदर्श स्टेडियम में ही विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जिनमें मिस थार, मिस्टर थार श्री, दादा-पोता, दौड़, दंपत्ती दौड़, रस्सा-कस्सी (पुरूष-महिला), पणिहारी मटका दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके बाद ढोला वादन होगा। सायं 5 बजे हाई स्कूल स्टेशन रोड़ पर जिले के पंच गौरव में से एक बास्केटबॉल का मैच आयोजित किए जाएगा। रात में 7 बजे लोक कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद सेलिब्रिटी प्रस्तुति होगी।
12 मार्च को इस प्रकार होंगे आयोजन
जिला कलक्टर ने बताया कि इस महोत्सव के दूसरे दिन यानी 12 मार्च को सुबह 7 बजे थार मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ मल्लीनाथ चौराहा से अहिंसा चौराहा होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड़ तक होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे आदर्श स्टेडियम में सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम के बाद विभिन्न प्रतियोगताओं का आयोजन होगा, जिनमें जायको राजस्थान रो, ग्रामीण कबड्डी, सतोलिया, रूमाल झपट्टा, मेहंदी प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा। रात्रि 7 बजे लोककलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 8.30 बजे से 10 बजे तक सेलिब्रिटी प्रस्तुति दी जाएगी।