इसरो ने भारतीय शैक्षणिक संस्थानों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जागरूकता प्रशिक्षण (स्टार्ट) 2025 कार्यक्रम के तीसरे संस्करण के लिए पंजीकरण का अवसर खोला है, जिसका विषय है ‘भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण का भविष्य‘। START इसरो द्वारा आयोजित एक वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अखिल भारतीय विशेषज्ञों द्वारा लगभग तीन सप्ताह तक ऑनलाइन व्याख्यान दिए जाते हैं। विचार-विमर्श में अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न पहलुओं पर परिचयात्मक स्तर के व्याख्यान शामिल हैं, जो भौतिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के स्नातकोत्तर और अंतिम वर्ष के स्नातक छात्रों के लिए तैयार किए गए हैं।इस ऑनलाइन कार्यक्रम को नोडल केंद्रों के रूप में आयोजित करने के लिए भारतीय शैक्षणिक संस्थानों से अभिरुचि की अभिव्यक्ति मांगी गई है। भारत में शैक्षणिक संस्थान 31 दिसंबर, 2024 तक https://jigyasa.iirs.gov.in/START के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में अपनी अभिरुचि की अभिव्यक्ति दर्ज करा सकते हैं।
