
जयपुर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने देर रात अल्बर्ट हॉल के पास संचालित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां ठहरने वाले जरूरतमंदों और निराश्रितों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में रहने वाले लोगों को गर्म कपड़े, भोजन और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने जेएलएन मार्ग पर सड़क किनारे रह रहे निराश्रित लोगों और दिव्यांगजनों से मुलाकात की। सर्दी से बचाने के लिए उन्होंने खुद उन्हें कंबल वितरित किए और उनके हालचाल पूछे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो और सभी जरूरतमंदों को राहत मिले।इस पहल को जयपुरवासियों ने काफी सराहा और इसे समाज के कमजोर वर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।