
शिमला। हिमाचल प्रदेश के तीन नगर परिषदों हमीरपुर, ऊना व बद्दी को नगर निगम बनाने और दो नगर पंचायतों नादौन और जाबली को नगर परिषद बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही छह नई नगर पंचायतें जिनमें संधोल, धर्मपुर, बड़सर, भोरंज, बंगाणा और कुनिहार को बनाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शनिवार को सुबह 11 बजे हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ये निर्णय लिया गया। तीन नए नगर निगम बनाने से प्रदेश में अब नगर निगमों की संख्या आठ हो जाएगी जिनमें शिमला, धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन शामिल हैं।